वानखेड़े पर “एल क्लासिको” दो दिग्गजों की प्लेऑफ की जंग
IPL 2026 | मैच 33 | मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स | वानखेड़े स्टेडियम | 23 अप्रैल 2026
दमदार शुरुआत: जब दो राजा एक ही सिंहासन के लिए लड़ें
क्रिकेट की दुनिया में कुछ मैच ऐसे होते हैं जो सिर्फ़ मैदान पर नहीं, बल्कि दिलों में खेले जाते हैं। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला उन्हीं में से एक है। पाँच-पाँच खिताब अपने नाम कर चुके हैं, दो परिपक्व दिग्गज, और एक ऐसी दुश्मनी जिसे भारतीय क्रिकेट का “एल क्लासिको” कहा जाता है। लेकिन IPL 2026 में कुछ अलग ही नज़ारा है। यहाँ दोनों टीमें तालिका के निचले पायदान पर खड़ी हैं 2 जीत, 4 हार के साथ और वानखेड़े की रोशनी में आज जो होगा, वह दोनों के लिए सीज़न का सबसे बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।
जब पाँच-पाँच खिताब जीतने वाले अपने घर पर ही playoffs से बाहर होने की कगार पर खड़े हों, तो बताइए क्या यह क्रिकेट की सबसे बड़ी परीक्षा नहीं है?
मैच का महत्व: गणित और दिल, दोनों दाँव पर
अंक तालिका की हालत यह है कि पंजाब किंग्स अकेले 11 अंक लेकर दौड़ रहे हैं, और बाकी सारी टीमें एक-दूसरे में उलझी नज़र आ रही है। मुंबई और चेन्नई दोनों 4 अंक पर हैं, लेकिन नेट रन रेट में अंतर ज़मीन-आसमान का है, MI का NRR +0.067 है जबकि CSK का -0.780।
यह फ़र्क क्यों? क्योंकि मुंबई ने गुजरात टाइटन्स को 99 रनों से रौंदकर एक झटके में अपने NRR में सुधार कर लिया था। दूसरी तरफ चेन्नई है? जो राजस्थान और RCB से मिली भारी हार उनके अंक-तालिका पर दाग की तरह चिपकी हैं।
आज हारने वाली टीम को बाकी बचे सात मैचों में लगभग हर मैच जीतना होगा और इस सीज़न में ऐसा करना असभव है। इसलिए आज का मैच दोनों टीमों के लिए “करो या मरो” से कम नहीं है।
इतिहास की बात करें तो 39 मुकाबलों में से MI ने 21 और CSK ने 18 में जीत हासिल की है। वानखेड़े पर मुंबई का घरेलू रिकॉर्ड 7-5 का है लेकिन हाल के 5 मुकाबलों में से 4 जीती हैं चेन्नई ने। यही वो पेंच है जो इस मैच को और भी रोचक बनाता है।
टीम एनालिसिस: एक में रफ्तार, दूसरे में उलझन
मुंबई इंडियंस: धीमी शुरुआत, तेज़ रफ्तार वापसी
मुंबई की शुरुआत बेहद ख़राब रही। पहले चार मैच हारे, RCB से 222/5 vs 240/4 का बड़ा नुकसान झेला। लेकिन मुंबई को जानने वाले जानते हैं, यह टीम धीमे जागती है, लेकिन जब जागती है तो तूफान ले आती है।
जसप्रीत बुमराह की वापसी ने पूरा नज़ारा बदल दिया। बुमराह जब लय में हों, तो किसी भी बल्लेबाज़ का दिमाग़ हिला देते हैं। अश्वनी कुमार का 4/24 का प्रदर्शन बताता है कि मुंबई के पास अब नई गेंद की जोड़ी का हल मिल चूका है। और तिलक वर्मा? इस सीज़न का उनका शतक बताता है कि वो अपने करियर के अबतक के सबसे ऊँचे मुकाम पर हैं।
उनका डेथ ओवर स्ट्राइक रेट 340 है। जी हाँ 340। यह आँकड़ा किसी सपने जैसा लगता है, लेकिन चेन्नई के गेंदबाज़ों के लिए यह एक बुरा सपना है।
कमज़ोरी? रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट के बाद लौट रहे हैं, उन्हें शुरुआत में 5-10 गेंद लगती हैं लय पकड़ने में। और टीम ने इस सीज़न पावरप्ले में 7 विकेट गँवाए हैं, यह एक आक्रामक सोच का नतीजा जो कभी-कभी उल्टा पड़ जाता है।
चेन्नई सुपर किंग्स: दिग्गज टीम, मुश्किल दौर
चेन्नई की कहानी इस सीज़न में उतार-चढ़ाव से भरी है। DC और KKR के खिलाफ लगातार दो जीत के बाद उम्मीद जगी थी, लेकिन SRH से मिली हार ने फिर से संदेह पैदा कर दिया। और जब से आयुष म्हात्रे चोटिल होकर बाहर हुए हैं, तब से CSK का सबसे बड़ा रन-मशीन मैदान से गायब हो गया।
संजू सैमसन को अब ओपनिंग की में अधिक ज़िम्मेदारी दिखानी होगी, यह एक साहसी फ़ैसला है। सैमसन में वह क्षमता है जो किसी भी गेंदबाज़ी आक्रमण को ध्वस्त कर सके, लेकिन बुमराह के ख़िलाफ़ उनका रिकॉर्ड कमज़ोर है।
रुतुराज गायकवाड़ का फॉर्म कच ख़ास नहीं रहा केवल 13.67 औसत, इस सीज़न उनकी कमज़ोरी को दर्शाता है। पर वे एक ऐसे बल्लेबाज़ से जो 2021 में ऑरेंज कैप जीत चुका है, इसका अर्थ यही है की उनमे क्षमता है जिसका इस्तेमाल वह नहीं कर प् रहे हैं ।
लेकिन फिर भी चेन्नई के पास दो ऐसे हथियार हैं जो मुकाबला बराबरी पर ला सकते हैं, अंशुल कंबोज (13 विकेट, 6 मैच) और एमएस धोनी का फिटनेस सस्पेंस। अगर धोनी मैदान पर उतरे, तो डेथ ओवर की पूरी कहानी बदल जायेगी।
प्लेयर बैटल: पाँच मुकाबले जो तय करेंगे नतीजा
बुमराह बनाम संजू सैमसन: यह इस मैच की सबसे बड़ी जंग है। बुमराह ने सैमसन को 13 पारियों में 4 बार आउट किया है और उन्हें 118 के स्ट्राइक रेट पर रोका है। जबकी सैमसन पर CSK की पूरी पारी का बोझ है, तब बुमराह पहले ओवर में उन्हें आउट कर दें, तो समझिए मैच वहीं तय हो गया।
अंशुल कंबोज बनाम रोहित शर्मा: रोहित चोट के बाद वापस आ रहे हैं, वे शुरुआत में थोड़े सतर्कता से खेलते हैं। वहीँ कंबोज अपने पहले दो ओवर में सबसे ख़तरनाक होते हैं। अगर कंबोज ने रोहित का विकेट निकाल दिया, तो वानखेड़े का माहौल एक पल में बदल सकता है।
नूर अहमद बनाम सूर्यकुमार यादव: SKY को मिडिल ओवर में रोकने की ताकत शायद सिर्फ़ नूर अहमद के पास है। उनकी गुगली राइट-हैंडर्स के लिए एक पहेली के सामान नज़र आती है। अगर SKY टिके रहे, तो MI 200 पार करेगी, अगर नहीं, तो मैच में MI का स्कोर 200 पार करना मुश्किल हो जायेगा।
शिवम दुबे बनाम मिचेल सैंटनर: दुबे इस सीज़न 150 के स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं, वो फेज़ ब्रेकर हैं। सैंटनर मिडिल ओवर में सबसे किफ़ायती साबित हुए हैं। यह बाएँ हाथ के स्पिन और बाएँ हाथ के बल्लेबाज़ की क्लासिक दुश्मनी में से एक है ।
बुमराह बनाम रुतुराज गायकवाड़: गायकवाड़ ने बुमराह की गेंदों पर कभी आउट नहीं हुए, और वे बुमराह के खिलाफ 52 रन बचुके हैं। लेकिन इस बार बुमराह पूरे फॉर्म में हैं और गायकवाड़ घोर संकट में। कहीं न कहीं यह रिकॉर्ड आज टूटेगा।
टैक्टिकल एनालिसिस: तीन फेज़, तीन कहानियाँ
पावरप्ले (1-6 ओवर): मुंबई का इरादा हमेशा यहाँ 80+ रन बनाने का रहता है। रोहित-डी कॉक जब चलते हैं, तो किसी भी गेंदबाज़ी आक्रमण को तहस नहस कर देते हैं। CSK का जवाब है कंबोज, आज उन्हें MI के खिलाफ चलना होगा।
मिडिल ओवर (7-15): स्पिनरों की इकॉनमी 7.71 और पेसर्स की 9.38। मुंबई के सैंटनर और AM ग़ज़नफर इसका भरपूर फ़ायदा उठाएंगे। CSK को यहाँ दुबे पर निर्भर रहना होगा।
डेथ ओवर (16-20): यही वो जगह है जहाँ मुकाबला एकतरफा लगता है। बुमराह + अश्वनी कुमार बनाम CSK का घायल पेस अटैक, यह असमान लड़ाई है। CSK का एकमात्र जवाब? MS धोनी का फिट होकर आना।
निष्कर्ष: मुंबई फेवरेट, लेकिन धोनी-कार्ड ने उलझाया है खेल
सारे आँकड़े, सारी रणनीति, सारी तैयारी सब मुंबई इंडियंस की जीत की तरफ इशारा कर रहे हैं। उनका पेस अटैक बेहतर है, उनका NRR बेहतर है, उनका घरेलू रिकॉर्ड बेहतर है। लेकिन चेन्नई के पास एक जोकर है जो अभी भी ताश में सबसे ताकतवर है और उसका नाम महेंद्र सिंह धोनी है। अगर माही मैदान पर उतरे, तो डेथ ओवर के सारे समीकरण बदल जाएंगे। सैमसन अगर शुरुआत में बड़ा शॉट खेलें और कंबोज रोहित को जल्दी आउट करें तो चेन्नई की जीत का रास्ता आसान हो जायेगा।
जीत का अनुमान: मुंबई इंडियंस, 210+ , तिलक वर्मा के दम पर।
जीतने की संभावना: मुंबई इंडियंस 62% | चेन्नई सुपर किंग्स 38%
आज वानखेड़े में जो क्रिकेट देखने को मिलेगी, वो रोमांच और नाटक से भरपूर होगी, यह गारंटी है।
IPL 2026 | सभी आंकड़े 22 अप्रैल 2026 तक के हैं